अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि पाकिस्तान आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के मामले में सही दिशा में आगे बढ़ रहा है हालांकि इसे दिखाना होगा कि वह चरमपंथी गुटों को कुचलने के बारे में गंभीर है.
पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर चरमपंथी हमले को चरमपंथ की एक और मिसाल करार देते हुए ओबामा ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ से संपर्क साधने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ की.
रविवार को वाशिंगटन में भारतीय समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया को दिए गए साक्षात्कार में अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा, दोनों नेता इस दिशा में बातचीत को बढ़ा रहे हैं कि क्षेत्र में हिंसा और आतंकवाद का मुकाबला कैसे करना है.
ओबामा ने कहा कि वह समझते हैं कि पाकिस्तान ऐसे चरमपंथी गुटों के ख़िलाफ़ अधिक प्रभावी कार्रवाई कर सकता है जो उसकी धरती से कार्रवाई करते हैं.
बराक ओबामा ने कहा कि पाकिस्तानी नेतृत्व यह समझ चुका है कि क्षेत्र में अस्थिरता से खुद पाकिस्तान की सुरक्षा को भी ख़तरा है और उसकी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की नीति सही है.
बराक ओबामा ने कहा, "पेशावर के आर्मी स्कूल पर हमले के बाद से हमने देखा है कि पाकिस्तान ने कई कई गुटों के खिलाफ कार्रवाई की है और साथ ही हमने पाकिस्तान में लगातार चरमपंथी हमलों को भी देखा हैं जैसे कि हाल ही में उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान विश्वविद्यालय पर हमला हुआ. '
बराक ओबामा ने कहा कि पाकिस्तान के पास ये दिखाने का मौका है कि वह आतंकवादियों के नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए गंभीर है.
चारसद्दा विश्वविद्यालय, पाकिस्तान
उनका यह भी कहना था इस क्षेत्र (दक्षिण एशिया) और दुनिया भर में आतंकवादियों के सुरक्षित आश्रयों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और आतंकवादियों को कटघरे में लाना चाहिए.
अमरीकी राष्ट्रपति ने ये बातें उस समय कही हैं जब भारत की ओर से पठानकोट के हवाई अड्डे पर हमले के आरोप पाकिस्तान के प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन जैश पर लगाए गए हैं.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने रविवार को लंदन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि पठानकोट पर हमले की जांच और भारत की ओर से उपलब्ध कराए गए सबूतों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है जो पूरा होने पर ही तथ्य सामने लाए जाएंगे.
उनका कहना था कि पाकिस्तान की विशेष जांच दल इस संबंध में भारत जाकर और अधिक सबूत जुटाएगी.
Subscribe to:
Post Comments
(
Atom
)

0 comments:
Post a Comment